कोरोना दुनिया में / अब तक 6455 मौतें: इटली में एक दिन में 368 की जान गई, किसी भी देश में 24 घंटे में मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा

कोरोनावायरस के मामले फिलहाल थमते नजर नहीं आ रहे। रविवार रात तक दुनिया में कुल 1 लाख 67 हजार 517 मामले सामने आए। 6455 लोगों की मौत हो चुकी है। एक दिन में इटली में 368 लोगों की जान गई। यह किसी भी देश में 24 घंटे में मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। यहां सरकार ने कहा कि सभी लोग घर पर रहें ताकि हालात सुधारे जा सकें। आज ईरान में 113 और स्पेन में 100 से ज्यादा की मौत हो गई। वेटिकन ने 12 अप्रैल को होने वाले ईस्टर पर्व में लोगों के शामिल होने पर रोक रहेगी। उधर, ब्रिटेन में कोरोना से हुई मौतों का आंकड़ा 35 पहुंचा गया, 1140 लोग संक्रमित हैं। क्वीन एलिजाबेथ II (94 साल) को उनके आवास बकिंघम पैलेस से शिफ्ट किया गया। फिलहाल, उन्हें विंडसर कस्टले में रखा गया है।


ब्रिटिश अखबार द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर ब्रिटेन में कोरोना संक्रमण के कारण हालात बेकाबू होते हैं तो क्वीन एलिजाबेथ और प्रिंस फ्लिप को सैंड्रिंघम में क्वारैंटाइन किया जा सकता है। बता दें कि बकिंघम पैलेस ब्रिटेन आने वाले दुनिया के नेताओं की आगवानी करता है। इसलिए यहां कोरोना का संक्रमण फैलने का खतरा है। यहां काम करने वाले 500 लोगों के स्टाफ के भी संक्रमित होने की आशंका बढ़ गई है। हालांकि, अभी कोई पॉजिटिव केस सामने नहीं आया है।


ट्रम्प की रिपोर्ट निगेटिव आई, पहले टेस्ट से इनकार किया था


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। वे कुछ दिन पहले ब्राजील के डेलिगेशन से मिले थे। इस दौरान उन्होंने वहां के संचार प्रमुख फेबिओ वानगार्टन के साथ डिनर भी किया था। बाद में वानगार्टन कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए। पहले ट्रम्प और उपराष्ट्रपति पेंस ने टेस्ट से इनकार किया। जब मीडिया में चर्चा हुई तो जांच को तैयार हुए। शनिवार दोपहर सैंपल दिया। देर रात रिपोर्ट निगेटिव आई। ट्रम्प की बेटी और उनकी सीनियर एडवाइजर इवांका ट्रम्प ऑस्ट्रेलिया के संक्रमित गृह मंत्री पीटर डटन से मिलने के बाद घर के काम कर रही हैं। वे इसी हफ्ते डटन और अन्य अधिकारियों से मिली थीं, डटन को कोरोनावायरस पॉजिटिव पाया गया है। अमेरिका ने अब ब्रिटेन और आयरलैंड को लेकर भी नए वीजा प्रतिबंध लागू किए हैं। पहले इन दोनों देशों को वीजा रिस्ट्रिक्शन लिस्ट से बाहर रखा गया था।


स्पेन के प्रधानमंत्री की पत्नी भी संक्रमित
स्पेन सरकार ने शनिवार देर रात एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की पत्नी डोना को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। डोना के साथ पीएम भी फिलहाल क्वारैंटाइन किए गए हैं। हालांकि, उनमें वायरस के कोई लक्षण नहीं पाए गए। स्पेन के राष्ट्रपति के भी संक्रमित होने की खबरें थीं, लेकिन सरकार ने उन्हें स्वस्थ बताया है। सरकार ने कुछ अपवादों के साथ देश में लॉकडाउन के आदेश दिए हैं। इससे पहले कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो की पत्नी सोफी भी कोरोना पॉजिटिव मिली थीं। उनके साथ जस्टिन को भी आईसोलेशन में रखा गया है। 


फ्रांस की मंत्री भी पॉजिटिव, देश में शुरू हुए लोकल चुनाव
फ्रांस की एक उपमंत्री ब्रून पॉयरसन को कोरोनावायरस पॉजिटिव पाया गया है। वायरस की चपेट में आने वाली वे देश की दूसरी मंत्री हैं। सरकारी प्रवक्ता ने कहा, “पॉजिटिव पाए जाने के बावजूद ब्रून की हालत में सुधार है। डॉक्टर उन पर नजर बनाए हुए हैं। उन्हें क्वारैंटाइन किया गया है।” इस हफ्ते की शुरुआत में संस्कृति मंत्री फ्रेंक रीस्टर को भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। यहां संक्रमण के बीच रविवार से लोकल चुनाव शुरू हो गए। यह चुनाव राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के कार्यकाल का परीक्षण भी हैं। मैक्रों ने लोगों से मेयर और पार्षदों को चुनने की अपील की। देश में शनिवार शाम से कैफे, रेस्टोरेंट और सिनेमा हॉल में लोगों के जुटने पर रोक लगा दी गई है। इसके बावजूद पोलिंग स्टेशन में लोग इकट्‌ठा हो सकेंगे। 


दुनिया में देश भीड़ पर रोक लगा रहे, लेकिन निकारगुआ में निकाली गई रैलियां
जहां दुनिया में देश कोरोनावायरस से बचाव के लिए लोगों को जुटने और समारोहों पर पाबंदी लगा रहे हैं। वहीं, मध्य अमेरिका के देश निकारागुआ ने ठीक उल्टा किया है। महामारी से लड़ने के लिए सरकार ने बड़ी पब्लिक रैली का आयोजन किया। लोग ‘लव वॉक इन द टाइम ऑफ कोविड-19’ स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर शनिवार को राजधानी मांगुआ में जुटे। यह स्लोगन गैब्रियल ग्रेशिया की नॉवेल ‘लव इन द टाइम ऑफ कॉलरा’से लिया गया है।



चीन में खाली घरों में कुत्ते और बिल्लियों की भूख से मौत होने लगी 
चीन में खाली पड़े घरों में पालतू कुत्ते और बिल्लियों की मौत होने लगी है। वुहान शहर में जब संक्रमण फैला था, तब लोग पालतू कुत्ते और बिल्लियां घर में छोड़कर चले गए थे। ह्यूमन सोसाइटी इंटरनेशनल की निदेशक वेंडी हिगिंस ने बताया कि लोगों ने जानवरों के लिए घर में जो खाना छोड़ा था वह अब खत्म होने लगा है। एनीमल एक्टिविस्ट कई जगहों पर एसे जानवरों की देखरेख कर रहे हैं। 


अमेरिकी सरकार के साथ कोरोनावायरस वेबसाइट बनाएगी गूगल
दो दिन चले विरोधाभासी बयानों के बाद गूगल ने आखिरकार रविवार को यह स्वीकार किया कि वो ट्रम्प सरकार के साथ कोरोनावायरस पर एक वेबसाइट बना रही है। शुक्रवार को ट्रम्प प्रशासन ने इसका खुलासा किया था। लेकिन, शनिवार को गूगल ने ऐसे किसी संभावना से इनकार कर दिया था। रविवार सुबह दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन ने कहा वो अमेरिका के लिए कोरोनावायरस पर तमाम जानकारी देने वाली वेबसाइट डेवलप कर रही है। इसमें लक्षण और टेस्टिंग प्रॉसेस की जानकारी भी होगी। हालांकि, समयसीमा के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।


इटली की मदद के लिए आगे आया चीन
चीन के बाद यूरोपीय देश इटली में कोरोनावायरस के सबसे ज्यादा मामले और मौतें सामने आईं। रविवार शाम तक यहां कुल 21,157 लोग संक्रमित पाए गए। 1,441 लोगों की मौत हो चुकी है। चीन ने इटली की मदद का फैसला किया है। शनिवार देर रात चीन का एक सरकारी विमान इटली पहुंचा। इसमें मेडिकल उपकरण, मास्क, सांस लेने में मददगार पोर्टेबल रेसिपिरेटर्स के अलावा ट्रेंड मेडिकल स्टाफ भी था। 


ऑस्ट्रेलिया आने वालों को 14 दिन सेल्फ क्वैरेंटाइन जरूरी
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने रविवार को कोरोनावायरस से संबंधित एक अहम आदेश जारी किया। इसके मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया आने वाले हर शख्स को 14 दिन सेल्फ क्वैरेंटाइन जरूरी होगा। आदेश सोमवार से प्रभावी होगा। पीएम ने कहा कि फिलहाल देश में सभी स्कूल बंद करने की जरूरत नहीं। शुक्रवार को कैबिनेट कोरोनावायरस पर समीक्षा बैठक करेगी। 


इजराइल में सभी शॉपिंग सेंटर और रेस्टोरेंट बंद
फ्रांस के बाद इजराइल ने भी सभी शॉपिंग सेंटर, रेस्टोरेंट, कैफे और थिएटर बंद कर दिए हैं। सीएनएन के मुताबिक, सरकार ने इन सभी के लिए गाइडलाइंस जारी की हैं। इन्हें फूड एंड ड्रग मिनिस्ट्री से जांच करानी होगी। इसके बाद एक सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा। लेकिन, इसके बावजूद ये अगले आदेश तक खुल नहीं सकेंगे। 


वेटिकन में एकांत में मनाया जाएगा ईस्टर पर्व, लाइव स्ट्रीमिंग होगी
वेटिकन की ओर से कहा गया कि 12 अप्रैल को होने वाला ईस्टर पर्व एकांत में मनाया जाएगा। साथ ही इस पवित्र सप्ताह के सभी समारोह में लोगों को नहीं शामिल किया जाएगा। सभी त्योहारों की वेटिकन न्यूज वेबसाइट में लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी।



Popular posts
लॉकडाउन से ही संभला भारत / प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- 100 मरीज थे तब 14 दिन का आइसोलेशन अनिवार्य किया, 550 केस होते ही लॉकडाउन कर दिया
कोरोना को रोकने के लिए / पूरे प्रदेश में 3 मई तक टोटल लॉकडाउन, बुधवार को जारी होगी नई गाइडलाइन, ग्रामीण इलाकों में दी जा सकती है छूट
कोरोना से भारत का क्वारैंटाइन / हवाई मार्ग से विदेशियों की एंट्री बैन करने के बाद जमीनी रास्ते भी बंद, 4 देशों से जुड़े 20 बॉर्डर आज से सील होंगे
मप्र: लॉकडाउन का 21वां दिन / अब तक 731 संक्रमित: 24 घंटे में 6 लोगों की जान गई, मध्य प्रदेश देश का दूसरा राज्य जहां मरने वालों का आंकड़ा 50 हुआ
Image
ट्रेनें-बसें 3 मई तक बंद / लॉकडाउन की वजह से देश में पहली बार 43 दिन यात्री ट्रेनें नहीं चलेंगी, 2.3 करोड़ लोगों को कोरोना से बचाने के लिए यह जरूरी